कोलकाता की पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, फुटेज में देंखे 9 लोगों की मौत; 4 साल के बच्चे समेत कई की दम घुटने से गई जान
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक 4 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे के समय इमारत में बने कई होटलों में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें से ज्यादातर गहरी नींद में थे। आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया, जिससे कई लोगों का दम घुट गया।
जानकारी के अनुसार, आग की घटना रात करीब 1:45 बजे हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां, पुलिस टीम और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में घना धुआं फैल जाने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में परेशानी हुई, क्योंकि धुएं के कारण अंदर का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इमारत अभी भी गर्म बनी हुई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कूलिंग का काम लगातार जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में भारतीय नागरिकों के साथ-साथ कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। सभी मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने इमारत के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।