तारापीठ मंदिर के पास होटल में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; फुटेज में देंखे 9 गंभीर घायल
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर के पास सोमवार को एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी FSL की टीम भी मौके पर पहुंचेगी।
बीरभूम के एसपी विदित राज भुंडेश के मुताबिक, होटल के बाहर से आग या धुएं की लपटें दिखाई नहीं दे रही थीं। इसके बावजूद होटल के अंदर धुआं तेजी से फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस और दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से होटल में फंसे 22 लोगों को बाहर निकाला। इनमें से 11 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने होटल संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। इसके अलावा होटल में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।हादसे के बीच एक महिला ने बताया कि वह दक्षिण 24 परगना से रविवार दोपहर तारापीठ में पूजा करने आई थी। उनके साथ उनकी मां और बच्चे भी थे। महिला के मुताबिक, उनकी मां होटल के रूम नंबर एक में थीं। हादसे के बाद उनकी मां और दो बच्चे नहीं मिल रहे हैं। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।
वहीं, हादसे में बची कोलकाता की एक महिला ने भयावह मंजर बताया। महिला के मुताबिक, अचानक पूरे होटल में धुआं भर गया। धुआं इतना ज्यादा था कि सांस लेना मुश्किल हो गया। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि बाहर निकलने का रास्ता कहां है। किसी तरह लोगों ने अपनी जान बचाने की कोशिश की।घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ होटल में फंसे या लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। FSL की जांच के बाद आग लगने के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।