×

Weather Today: दिल्ली वालों को अभी राहत नहीं, वहीं UP-बिहार समेत 22 राज्यों में बरसेंगे बादल, जानें आपके शहर का मौसम हाल

 

पूरे देश में मॉनसून का असर दिख रहा है। कई राज्यों में भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने 22 राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है, जो अगले कुछ घंटों में लागू हो जाएगी। विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत (जैसे असम और मेघालय) में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके उलट, आंध्र प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में 15 जुलाई तक गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि ओडिशा और तमिलनाडु में गर्मी और उमस बनी रहेगी। कल विभाग ने 18 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी।

**किन राज्यों में बारिश होगी?**

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में 22 राज्यों में बारिश की संभावना है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम और असम शामिल हैं।

**दिल्ली-NCR में बारिश नहीं; उमस से परेशानी**

हाल की बारिश के बाद दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मौसम बदलने वाला है। 14 जुलाई से 18 जुलाई के बीच दिल्ली में बारिश की संभावना कम है। हालांकि आसमान में कभी-कभी बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा और उमस के कारण परेशानी होगी।

**यूपी, बिहार और झारखंड के लिए भारी बारिश की चेतावनी**

बिहार में 14 और 15 जुलाई को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में 19 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में 14 जुलाई से 19 जुलाई तक बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 17 जुलाई से 19 जुलाई तक विशेष रूप से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

झारखंड में 14 जुलाई से 17 जुलाई के बीच अच्छी बारिश की उम्मीद है। इस दौरान बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है।

**पहाड़ी इलाकों और राजस्थान में मौसम**

उत्तराखंड में 15 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 जुलाई को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर में भी 18 और 19 जुलाई को तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

वहीं, राजस्थान में 14 जुलाई को मौसम साफ़ रहने की उम्मीद है; मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।