नैनीताल की चाइना पीक की सैर होगी महंगी, विदेशी पर्यटकों की फीस दोगुनी करने की तैयारी; दोपहर 3:30 बजे बाद नो एंट्री
उत्तराखंड के नैनीताल में स्थित प्रसिद्ध नैना पीक यानी चाइना पीक की सैर करने वाले पर्यटकों के लिए जल्द ही नए नियम लागू हो सकते हैं। समुद्र तल से 2611 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी पर ट्रैकिंग करना अब विदेशी पर्यटकों के लिए महंगा होने जा रहा है। वन विभाग ने विदेशी पर्यटकों का प्रवेश शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसके साथ ही दोपहर 3 बजकर 30 मिनट के बाद चाइना पीक की ओर जाने वाले रास्तों पर प्रवेश बंद करने की तैयारी है।
वन विभाग ने यह कदम पर्यटकों की सुरक्षा और ट्रैकिंग के दौरान होने वाली घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से उठाया है। हाल ही में नैना पीक क्षेत्र में बिहार निवासी एक 19 वर्षीय छात्र के लापता होने के बाद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की योजना बनाई है। छात्र 6 नवंबर को अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। इसके बाद से उसकी तलाश के लिए पुलिस, वन विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें अभियान चला रही हैं।
तीनों रास्तों पर बनाए जाएंगे टिकट काउंटर
फिलहाल नैना पीक जाने के लिए टांकी बैंड मार्ग पर ही वन विभाग का टिकट काउंटर संचालित है। इस रास्ते से जाने वाले भारतीय पर्यटकों से 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों से 100 रुपये शुल्क लिया जाता है। अब विभाग ने अन्य दो रास्तों पर भी टिकट व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है।इसके तहत चीना चुंगी और कैमल्स बैक मार्ग पर भी टिकट काउंटर बनाए जाएंगे। चीना चुंगी मार्ग पर टिकट काउंटर तैयार किया जा चुका है। यहां दिसंबर या अगले साल जनवरी से टिकट व्यवस्था शुरू करने की योजना है। कैमल्स बैक मार्ग पर भी काउंटर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।नई व्यवस्था लागू होने के बाद नैना पीक जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों का नाम, पता तथा मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा। इससे वन विभाग के पास चोटी पर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।दोपहर 3:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
वन विभाग ने ट्रैकिंग के लिए प्रवेश का समय भी निर्धारित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अनुसार दोपहर 3 बजकर 30 मिनट के बाद किसी भी पर्यटक को नैना पीक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। विभाग का मानना है कि देर शाम जंगल के रास्तों पर अंधेरा होने से पर्यटकों के भटकने और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है।इसलिए पर्यटकों को पर्याप्त रोशनी में ट्रैकिंग पूरी कर वापस लौटने का समय मिल सकेगा। किसी पर्यटक के लापता होने की स्थिति में प्रवेश के दौरान दर्ज जानकारी से उसकी तलाश करने में भी मदद मिलेगी।
हर साल 30 हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचते हैं
नैना पीक नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी है। यहां से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों और नैनीताल शहर की झील का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इस चोटी तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को करीब साढ़े तीन किलोमीटर का पैदल रास्ता तय करना पड़ता है।वन विभाग के अनुसार, हर साल 30 हजार से अधिक पर्यटक यहां घूमने और ट्रैकिंग के लिए पहुंचते हैं। विभाग ने नई व्यवस्था का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा।