देहरादून में मस्जिद निर्माण पर हंगामा; बजरंग दल ने रुकवाया काम, मुस्लिम संगठन से भिड़े
देहरादून में शिमला बाईपास पर सेवला कलां में मंगलवार को एक धार्मिक स्थल (मस्जिद) पर निर्माण कार्य को लेकर हंगामा हो गया। बजरंग दल ने अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए निर्माण रुकवा दिया और जांच की मांग की। वहीं, मुस्लिम सेवा संगठन ने आरोप गलत बताते हुए काम को मरम्मत का हिस्सा बताया।
जानकारी के अनुसार,धार्मिक स्थल की तीसरी मंजिल पर काम चल रहा था। इसकी सूचना पर दोपहर को बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनका आरोप था कि निर्माण के लिए सड़क पर अतिक्रमण किया गया है जिससे रास्ता बंद हो गया है। कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। इसके बाद एमडीडीए, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया।
बजरंग दल का आरोप- अवैध निर्माण हो रहा था
बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने दावा किया कि यहां वर्ष 2017 से अवैध निर्माण हो रहा है। यह अब तीन मंजिल तक पहुंच गया है। उन्होंने धार्मिक स्थल की पूरी संपत्ति की जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि निर्माण अवैध पाया जाता है तो उसे तत्काल तोड़ा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। हंगामे के दौरान आशीष बलूनी, रोहित मौर्य, राघव उपाध्याय, यशवंत मौर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, इस संबंध में एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण के स्तर से अवैध निर्माण की शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
नया निर्माण नहीं : कुरैशी
वहीं, मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी और उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने निर्माण को लेकर लगाए आरोपों को गलत बताया। उनका कहना था कि धार्मिक स्थल पर नया निर्माण नहीं हो रहा था। उनके अनुसार, स्थल वैध है और नियमों के तहत बना है। संबंधित प्राधिकरण को इसके दस्तावेज भी दिखाए गए हैं। उन्होंने बताया कि लिंटर से पानी आने के कारण उस पर सीमेंट डालने का काम किया जा रहा था।