☰
×

हरीश रावत का स्टिंग करने वाले उमेश कुमार आज विधायकी से इस्तीफा देंगे, वजह भी बताई
 

 

हरिद्वार जिले के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार शर्मा बुधवार को विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देंगे। इस संबंध में उमेश कुमार मंगलवार को ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने खानपुर के मुद्दों पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। कहा कि वे न भाजपा और न ही कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। बता दें कि उमेश कुमार वही हैं, जिन्होंने 2016 में तत्कालीन सीएम हरीश रावत का स्टिंग ऑपरेशन किया था और कांग्रेस सरकार गिराई थी। दूसरी ओर हरीश रावत ने खानपुर सीट से आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

पत्रकारों से बातचीत में उमेश ने कहा कि वे हमेशा जनमुद्दों पर विपक्ष के साथ खड़े रहे। लेकिन, कांग्रेसी विधायक एक दिन उनके साथ खड़े नहीं हुए। कांग्रेस की मंशा रहती है कि क्रांतिकारी पड़ोस के घर में पैदा हो। खुद जनता को लेकर उठने वाली आवाजों से वो खुद को अलग कर लेती है। उधर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने कहा कि उमेश कुमार के बयान से साफ है कि वे भाजपा के इशारे पर बयानबाजी कर रहे हैं।

हरीश रावत ने खानपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार जिले के खानपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरिद्वार जिले में बहुत प्यार मिला है।उन्होंने इशारों-इशारों में खानपुर के लोगों की इच्छा की बात कहते हुए वहां से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी फैसला करेगा उसी के अनुसार चलूंगा। पार्टी में परिवारवाद और परिवार के लोगों को टिकट दिए जाने के सवाल पर रावत ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लोग पिछले 20-25 सालों से जनता के बीच रहकर जमीनी मेहनत कर रहे हैं।

वे भाजपा के खिलाफ लड़ने वाले हर मजबूत कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मुस्तैदी से खड़े हैं। गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान उनकी अन्य यात्राओं पर उठे सवाल का भी उन्होंने जवाब दिया। रावत ने बताया कि खराब स्वास्थ्य के कारण डॉक्टरों ने उन्हें ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से मना किया है, यही वजह है कि वे सत्र में शामिल नहीं हो सके।

खरगे के बयान का बचाव किया

वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे के नरेंद्र मोदी पर दिए बयान का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि इसे लोकतंत्र में प्रतिपक्ष के बयान के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि किसी अपमान के तौर पर। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली में उत्तराखंड से करीब 25000 से ज्यादा कांग्रेस शामिल होंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, खजान पांडे और हरेंद्र क्वीरा समेत कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।