उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसे, फुटेज में देंखे 12 लोगों की मौत और 32 घायल; नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, खाई में गिरी बारातियों की बोलेरो
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए इन हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गहरी खाई में गिर गई।
गूलर में 100 मीटर नीचे नदी में गिरी बस, 8 की मौत
पहला हादसा मंगलवार सुबह टिहरी जिले के गूलर इलाके में हुआ। यहां ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार कई यात्री बुरी तरह फंस गए।सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में तीन साल की एक बच्ची भी शामिल है।
7 राज्यों के यात्री हादसे का हुए शिकार
बस हादसे में घायल हुए सभी 26 यात्रियों की पहचान सामने आई है। इनमें उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लोग शामिल हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
शादी से लौट रहे बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल 10 लोग सवार बताए जा रहे हैं।हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
टिहरी जिले में हुए बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत से वह बेहद दुखी हैं। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।दोनों हादसों के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल राहत कार्यों में जुटे रहे। पहाड़ी रास्तों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है