रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया अपना बच्चा, वीडियो में देखें बोले- दुखी था इसलिए डांटा; बागेश्वर बाबा ने कहा- बढ़िया आशीर्वाद दिया
योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रहा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। दो दिन पहले धीरेंद्र शास्त्री पर तीखी टिप्पणी करने वाले बाबा रामदेव ने अब सफाई देते हुए उन्हें अपना बच्चा, छोटा भाई और शिष्य बताया है। रामदेव ने कहा कि कुछ बातें उन्हें अनुचित लगी थीं और उनसे दुख पहुंचा था, इसलिए उन्होंने अपने अधिकार से धीरेंद्र शास्त्री को डांटा।
रामदेव बोले- मेरी डांट को प्यार समझकर स्वीकार किया
24 नवंबर को हरिद्वार में मीडिया से बातचीत के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से इस मामले को लेकर विवाद हो रहा है। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री से उनकी बातचीत भी हुई है। रामदेव के मुताबिक, भगवान और देवी-देवताओं को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों से उन्हें काफी दुख पहुंचा था।
उन्होंने कहा कि बागेश्वर बाबा उनके सामने एक बच्चे की तरह हैं। वे उनके छोटे भाई और शिष्य जैसे हैं। इसलिए जो बातें उन्हें गलत लगीं, उन पर उन्होंने अधिकारपूर्वक डांट लगाई। रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भी उनकी फटकार को प्यार समझकर स्वीकार किया। उन्होंने दोनों के समर्थकों से विवाद को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की।
धीरेंद्र शास्त्री बोले- निंदा और स्तुति दोनों स्वीकार
दूसरी तरफ, पंजाब के पठानकोट में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रामदेव उनके बड़े और अभिभावक जैसे हैं। वे बहुत सरल और महान व्यक्ति हैं।
बागेश्वर बाबा ने कहा कि रामदेव के मन में कोई बात आई होगी तो उन्होंने आशीर्वाद दे दिया। यह भी बहुत बढ़िया आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले रामदेव ने उनकी तारीफ की थी और कुछ दिन बाद आलोचना कर दी। उन्हें दोनों बातें स्वीकार हैं। उनके मन में रामदेव के प्रति कोई नाराजगी नहीं है।
भगवान राम-कृष्ण की टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत धीरेंद्र शास्त्री की भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर की गई टिप्पणी से हुई थी। उनकी बात को लेकर कुछ साधु-संतों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने कुछ कथावाचकों पर तीखी टिप्पणी की थी। उनके बयान को धीरेंद्र शास्त्री से जोड़कर देखा गया।
अब रामदेव ने स्पष्ट किया है कि उनकी नाराजगी देवी-देवताओं की तुलना और उनके स्वरूप को लेकर की गई टिप्पणियों से थी। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। दोनों संतों के ताजा बयानों के बाद विवाद को समाप्त करने की कोशिश होती दिखाई दे रही है।