×

देशभर में बारिश का कहर: रायगढ़ में नदी में बहे 3 हजार LPG सिलेंडर, वीडियो में देंखे उत्तराखंड में लैंडस्लाइड तो राजस्थान में मकान ढहा

 

देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र से लेकर उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली तक भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कहीं बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं तो कहीं लैंडस्लाइड और मकान गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/pulMa-Rf1w4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/pulMa-Rf1w4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बारिश के बाद बड़ा हादसा सामने आया है। पनवेल स्थित LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने के बाद करीब 3 हजार गैस सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है और लोगों को नदी या आसपास के इलाकों में मिले सिलेंडरों को छूने से मना किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी LPG सिलेंडर दिखाई दे तो उसे उठाने या घर ले जाने की कोशिश न करें। सिलेंडर में गैस भरी हो सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकारियों की टीमें सिलेंडरों की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हुई हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी है। बुधवार को राज्य के 27 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश दमोह जिले में हुई, जहां करीब 1.75 इंच पानी रिकॉर्ड किया गया। लगातार बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।

उत्तराखंड में बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। उत्तरकाशी जिले में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण सड़कें बंद होने की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।

टिहरी जिले में भी बारिश के कारण बड़ा नुकसान हुआ है। यहां NH-707A के पास दुकानों के नजदीक हुए लैंडस्लाइड में एक मकान गिर गया। बताया जा रहा है कि आसपास के दो से तीन अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है और वे कभी भी गिर सकते हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

राजस्थान में भी बारिश ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात हुई बारिश के बाद एक मकान अचानक ढह गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इधर, राजधानी दिल्ली में भी सुबह से बारिश जारी है। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रेलवे स्टेशन, मुनिरका समेत कई क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।