देहरादून में राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम शुरू, वीडियो में जाने बारिश में भी जुटे हजारों युवा; भाजपा महिला मोर्चा का विरोध, कई हिरासत में
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस का बहुप्रतीक्षित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम शुरू हो गया है। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां करीब 7 हजार छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने से पहले मशहूर रैपर डकैत ने अपनी प्रस्तुति देकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
मंच पर सिर्फ राहुल गांधी रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि मुख्य मंच पर राहुल गांधी के अलावा कोई भी कांग्रेस नेता या पदाधिकारी मौजूद नहीं रहेगा। कांग्रेस ने कार्यक्रम को पूरी तरह छात्रों और युवाओं के संवाद पर केंद्रित रखा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के बैठने के लिए मुख्य मंच के बगल में अलग से व्यवस्था की गई है।कांग्रेस का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को बिना किसी राजनीतिक औपचारिकता के सीधे राहुल गांधी से बातचीत का अवसर देना है।
नेताओं ने गानों पर किया डांस
राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भी उत्साह देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल समेत कई नेता कार्यक्रम स्थल पर बज रहे हिंदी गानों पर झूमते और नाचते नजर आए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भाजपा महिला मोर्चा का विरोध
राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म रहा। कार्यक्रम शुरू होने से पहले भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने "राहुल वापस जाओ" के नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जबकि कार्यक्रम में आने वाले छात्रों और युवाओं की एंट्री भी सुरक्षा जांच के बाद ही कराई जा रही है।
युवाओं से संवाद पर रहेगा फोकस
कांग्रेस के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद करना और शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्टार्टअप, करियर और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय जानना है। राहुल गांधी कार्यक्रम के दौरान छात्रों के सवाल सुनेंगे और विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा करेंगे।बारिश के बावजूद कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी मौजूदगी और दूसरी ओर भाजपा के विरोध प्रदर्शन ने देहरादून के इस आयोजन को राजनीतिक रूप से बेहद चर्चित बना दिया है। अब सभी की नजर राहुल गांधी के संबोधन और उसमें उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर टिकी हुई है।