☰
×

अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया विवाद, पुलकित आर्य के पिता बोले- अंकिता ने आत्महत्या की थी; कांग्रेस ने उठाए सवाल

 

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषसिद्ध पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के एक बयान से नया विवाद खड़ा हो गया है। विनोद आर्य ने दावा किया है कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने अपने माता-पिता और एक पुरुष मित्र से कथित रूप से परेशान होकर आत्महत्या की थी। उन्होंने अपने बेटे पुलकित आर्य को राजनीतिक दबाव में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। उनके इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

विनोद आर्य ने रविवार को हरिद्वार में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उनके साथ पुलकित आर्य के वकील अनुज पुंडीर भी मौजूद थे। विनोद ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले तीन साल से उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास अंकिता और उसके एक पुरुष मित्र के बीच हुई बातचीत के चार हजार से अधिक पन्नों के विवरण हैं।

विनोद आर्य के मुताबिक, इन कथित बातचीत में अंकिता ने अपने माता-पिता के व्यवहार और उनके साथ होने वाली मारपीट को लेकर बातें कही थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अंकिता के माता-पिता उसके पुरुष मित्र पुष्प से शादी करने के खिलाफ थे। विनोद ने बातचीत के कुछ अंशों का हवाला देते हुए कहा कि अंकिता अपने मित्र से भी परेशान थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विनोद आर्य ने रिसॉर्ट में किसी वीआईपी के आने की बात से भी इनकार किया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की नए सिरे से जांच होनी चाहिए और कथित बातचीत को भी जांच में शामिल किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने विनोद आर्य के बयान पर जताई नाराजगी

विनोद आर्य के बयान और अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए पूरा उत्तराखंड सड़कों पर उतरा था। अब दोषसिद्ध मुख्य आरोपी के पिता कथित बातचीत के आधार पर अंकिता, उसके माता-पिता और मित्र पर सवाल उठा रहे हैं।

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि विनोद आर्य को अंकिता की निजी बातचीत कैसे मिली और इसे सार्वजनिक करने के पीछे क्या उद्देश्य था।

तीनों दोषियों को मिल चुकी है उम्रकैद की सजा

गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 18 सितंबर 2022 को उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को दोषी ठहराया गया था। अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच के लिए सीबीआई ने इस साल फरवरी में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब विनोद आर्य के नए दावों और निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। वहीं, अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे संगठनों ने भी इस घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं।