गांधी जयंती के साथ लंबा वीकेंड; मसूरी और ऋषिकेश के लिए नया ट्रैफिक प्लान, ये होगा रूट
गांधी जयंती के साथ तीन दिन का लंबा वीकेंड शुरू हो गया है। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक लगातार छुट्टियों के चलते देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है। इस दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर अलग-अलग रूट डायवर्ट किए जाएंगे।
मसूरी जाने वालों के लिए विशेष रूट
दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर, कैंट, सप्लाई डिपो, जोहड़ी गांव, पुरकुल और कुठालगेट होते हुए मसूरी जाने का रूट निर्धारित किया गया है।
जरूरत पड़ने पर शिमला बाईपास से बल्लूपुर, कैंट, सर्किट हाउस, बीजापुर गांव और किमाड़ी होते हुए हाथीपांव के रास्ते भी मसूरी भेजा जाएगा। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने की कोशिश की जाएगी।
पार्किंग भरने पर बदलेगा प्लान
मसूरी में पार्किंग को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। सामान्य स्थिति में वाहनों को किंग क्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर जाने दिया जाएगा। लेकिन जब मसूरी की उपलब्ध पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत तक भर जाएगी, तब प्लान-B लागू किया जाएगा।
इसके तहत पर्यटकों के निजी वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से लोकल टैक्सी के जरिए आगे भेजा जाएगा। किंग क्रेग पार्किंग भी भरने पर प्लान-C लागू होगा। इसमें वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ऋषिकेश जाने वालों के लिए भी रूट तय
ऋषिकेश में भी वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए अलग प्लान तैयार किया गया है। हरिद्वार से आने वाले वाहनों को सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, श्यामपुर, नटराज चौक, ढालवाला और भद्रकाली बाईपास होते हुए तपोवन और शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून से ऋषिकेश आने वाले वाहनों के लिए भी नटराज चौक, ढालवाला, भद्रकाली और बाईपास का इस्तेमाल किया जाएगा। ज्यादा दबाव होने पर नेपाली फार्म से लालतप्पड़, भानियावाला और रानीपोखरी होते हुए वाहनों को आगे भेजने की व्यवस्था रहेगी।
देहरादून में भी डायवर्जन
वीकेंड के दौरान देहरादून के पैसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्रधारा और गुच्चुपानी जैसे इलाकों में भी ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाए जाएंगे। पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने, नो-पार्किंग जोन में वाहन नहीं खड़ा करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर उसे क्रेन से टो किया जा सकता है। लंबी छुट्टियों के दौरान यात्रा पर निकलने वालों को सलाह दी गई है कि वे रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।