कोटद्वार के 'मोहम्मद दीपक' हिरासत में, फेसबुक पोस्ट पर कमेंट के बाद विवाद; व्यापारी ने लगाए गंभीर आरोप
उत्तराखंड के कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित दीपक कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामला एक फेसबुक पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, एक स्थानीय व्यापारी की शिकायत के आधार पर दीपक के खिलाफ केस दर्ज किया गया और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया।
फेसबुक पोस्ट के कमेंट से शुरू हुआ विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपक ने उज्जैन में मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम पर फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर कोटद्वार के व्यापारी संजीव टोंक ने कथित तौर पर टिप्पणी की। पुलिस के अनुसार, इसी कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। व्यापारी ने आरोप लगाया कि दीपक उनकी दुकान पर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज तथा धमकी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दीपक के खिफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की गई। पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाद में उन्हें निवारक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोटद्वार में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी किया। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है।
पहले भी चर्चा में आए थे दीपक
दीपक कुमार इसी साल जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने कोटद्वार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में हस्तक्षेप किया था। उस दौरान अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताए जाने के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और वह इसी नाम से चर्चा में आए।फिलहाल पुलिस फेसबुक पोस्ट से शुरू हुए विवाद और व्यापारी की शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।