नवरात्रि पर मां नैना देवी के दरबार पहुंचीं जाह्नवी कपूर, फुटेज में देंखे 150 मीटर पैदल चलकर किए दर्शन; रिया चक्रवर्ती संग रोमांटिक गाने की शूटिंग
नैनीताल में बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती अपनी आगामी थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। शूटिंग के बीच रविवार को नवरात्रि के पहले दिन जाह्नवी कपूर मां नैना देवी के दर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने व्रत रखा और होटल से करीब 150 मीटर पैदल चलकर मंदिर तक गईं। यहां उन्होंने मां की आरती की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति की ओर से अभिनेत्री को मां की चुनरी भेंट की गई।
व्रत रखकर मंदिर पहुंचीं जाह्नवी कपूर
नवरात्रि के पहले दिन जाह्नवी कपूर ने धार्मिक आस्था के साथ दिन की शुरुआत की। वह अपने होटल से पैदल चलकर नैना देवी मंदिर पहुंचीं। मंदिर में उन्होंने मां के दर्शन किए और आरती में शामिल हुईं। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से उन्हें चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।जाह्नवी के मंदिर पहुंचने की खबर से उनके प्रशंसकों के बीच भी उत्सुकता देखने को मिली। फिल्म की शूटिंग के लिए नैनीताल पहुंचीं अभिनेत्री काम के साथ अपनी निजी दिनचर्या और धार्मिक गतिविधियों के लिए भी समय निकाल रही हैं।
बारिश और बादलों के बीच फिल्माया रोमांटिक गाना
जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती इन दिनों नैनीताल की खूबसूरत वादियों में फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग कर रही हैं। रविवार को दोनों अभिनेत्रियों ने बारिश और बादलों के बीच फिल्म के एक रोमांटिक गाने की शूटिंग की। पहाड़ों का मौसम और प्राकृतिक नजारे फिल्म के दृश्यों को खास बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।अब तक फिल्म की शूटिंग नैनीताल के स्विस होटल में की गई है। शनिवार को जाह्नवी और रिया यहां शूटिंग करती नजर आई थीं। इसके अलावा होटल नमः में भी फिल्म के कुछ दृश्य फिल्माए गए हैं। हालांकि, होटल नमः में हुई शूटिंग नैनीताल से बाहर बताई गई है।फिलहाल दोनों अभिनेत्रियां नैनीताल में ही ठहरी हुई हैं और शूटिंग के बीच समय निकालकर आसपास के इलाकों में घूम सकती हैं।
कैंची धाम जाने की भी चर्चा
शूटिंग के दौरान जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती के कैंची धाम जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अभी तक उनके वहां दर्शन करने का कार्यक्रम तय होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में प्रशंसकों को दोनों अभिनेत्रियों के संभावित दौरे से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
सुबह जिम पहुंचीं जाह्नवी कपूर
जाह्नवी कपूर अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी सजग रहती हैं। नैनीताल में शूटिंग के दौरान भी वह अपनी वर्कआउट दिनचर्या का ध्यान रख रही हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे वह मल्लीताल के रोपवे मार्ग स्थित बुल्स जिम में कसरत करने पहुंचीं।
फिल्म में नजर आएंगे श्रीलीला और सिद्धार्थ गुप्ता
‘पीएन 36’ में जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती के अलावा दक्षिण भारतीय अभिनेत्री श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी नजर आएंगे। फिल्म को थ्रिलर और रोमांस के मिश्रण के रूप में पेश किया जा रहा है। नैनीताल में चल रही शूटिंग के कारण स्थानीय स्तर पर भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।फिलहाल, फिल्म की टीम पहाड़ी शहर में अलग-अलग लोकेशन पर शूटिंग कर रही है। खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों के बीच फिल्माए जा रहे रोमांटिक गाने और अन्य सीन्स दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।