उत्तरकाशी में आग से 33 मकान जलकर राख, 5-6 सिलेंडर फटे; 58 परिवार प्रभावित, वीडियो में देखें तबाही
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। मंगलवार शाम लगी आग पर करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। इस दौरान 33 रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि गांव के पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।
5 से 6 गैस सिलेंडरों में हुए धमाके
जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत गांव के एक मकान से हुई थी। इसके बाद लकड़ी से बने घरों में आग तेजी से फैलने लगी। आग के दौरान 5 से 6 रसोई गैस सिलेंडरों में धमाके होने की भी खबर है। सिलेंडर फटने से आग और विकराल हो गई। देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए।
आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने और दूसरे घरों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।
दुर्गम रास्तों के कारण राहत कार्य में आई मुश्किल
पवाणी गांव मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित है। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों के कारण राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रवाना की गईं। ग्रामीणों और बचाव दलों की संयुक्त कोशिशों के बाद रात करीब 9:16 बजे आग पर काबू पाया गया।
58 परिवार प्रभावित, अब तक जनहानि की सूचना नहीं
इस अग्निकांड में 33 मकान पूरी तरह जल गए। पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी प्रभावित हुए हैं। कुल 58 परिवारों पर इस घटना का असर पड़ा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी व्यक्ति या पशु की मौत की सूचना नहीं मिली है। आग बुझाने के दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, जरूरी सामान और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
सीएम धामी ने दिए मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्यमंत्री के 25 नवंबर को प्रभावित गांव का दौरा करने की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।