हरिद्वार में जीएसटी डेटा एंट्री ऑफिसर 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
हरिद्वार में जीएसटी विभाग के एक डेटा एंट्री ऑफिसर को विजिलेंस टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उसकी फर्म ‘हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री’, जो वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है, के जीएसटी लागू होने से पहले के अंतिम तीन महीनों का वैट टैक्स विभाग की ओर से 1,76,000 रुपये बकाया बताया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी फाइल निपटाने और राहत दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद उसने विजिलेंस विभाग से संपर्क किया।
विजिलेंस टीम ने शिकायत की जांच के बाद ट्रैप की कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अवैध धन की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत करें।