आत्मघाती हमले की धमकी के बीच ऋषिकेश पहुंचे दिलजीत दोसांझ, फुटेज में देंखे गंगा किनारे 15 मिनट अकेले बैठे, वशिष्ठ गुफा में भी बिताया समय
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ आत्मघाती हमले की धमकी मिलने के कुछ दिनों बाद ऋषिकेश में नजर आए। वीकेंड पर उनका दौरा बेहद निजी रहा। रविवार को दिलजीत मां गंगा के तट पर पहुंचे। यहां उन्होंने बिना सिक्योरिटी के गंगा का आचमन किया और हाथ जोड़कर प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे गंगा किनारे टहलते और खुद ही मोबाइल से रील शूट करते दिखाई दिए।
इस दौरान दिलजीत नदी किनारे पत्थरों के बीच करीब 15 मिनट तक अकेले बैठे रहे। उन्होंने आसपास के प्राकृतिक वातावरण में समय बिताया। स्थानीय लोगों को भी शुरुआत में उनके आने की भनक नहीं लगी। सिंगर ने बिना किसी सार्वजनिक हलचल के अपना समय गंगा तट पर बिताया।
वशिष्ठ गुफा में भी पहुंचे दिलजीत
ऋषिकेश दौरे के दौरान दिलजीत दोसांझ बद्रीनाथ मार्ग पर शिवपुरी और व्यासी के बीच स्थित प्रसिद्ध वशिष्ठ गुफा भी पहुंचे। यह स्थान ऋषिकेश से करीब 30 किलोमीटर दूर है। यहां पहुंचने के दौरान शुरुआत में वे अकेले नजर आए। उन्होंने गुफा में कुछ समय बिताया और आसपास के शांत वातावरण का आनंद लिया।बताया जा रहा है कि दिन निकलने के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात टीम भी वहां पहुंच गई। हालांकि, उनका पूरा दौरा काफी निजी रहा। न तो कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया और न ही उनके आने को लेकर सार्वजनिक स्तर पर कोई हलचल दिखाई दी।
23 अक्टूबर को मिला था धमकी भरा ईमेल
दरअसल, दिलजीत दोसांझ को आत्मघाती हमले की धमकी मिलने का मामला 23 अक्टूबर को सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, मुंबई की मेयर रितु तावड़े के ऑफिस में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें दिलजीत को निशाना बनाने की बात कही गई थी।इस धमकी के बाद सिंगर की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। ऐसे में उनका ऋषिकेश में शांत और निजी अंदाज में घूमना चर्चा का विषय बन गया है।
गंगा तट पर सुकून के पल बिताते दिखे सिंगर
दिलजीत दोसांझ अपने संगीत और फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। ऋषिकेश में उनके इस दौरे की खास बात यह रही कि उन्होंने गंगा तट पर आम पर्यटक की तरह समय बिताया। वे खुद रील शूट करते, नदी किनारे टहलते और कुछ देर अकेले बैठकर प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताते नजर आए।हालांकि, धमकी मिलने के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतना जरूरी है। ऋषिकेश में उनके निजी दौरे के दौरान सुरक्षा टीम भी बाद में उनके साथ पहुंच गई। फिलहाल इस दौरे को लेकर दिलजीत की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।