×

उत्तराखंड में तबाही, तेज बहाव में बहा चीन सीमा को जोड़ने वाला बैली ब्रिज;  UP-बिहार में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित

 

देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं। उत्तराखंड से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक नदियां उफान पर हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और तेज बहाव के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि मैदानी राज्यों में लाखों लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

पिथौरागढ़ में 170 फीट लंबा बैली ब्रिज बहा, चीन सीमा से संपर्क टूटा

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश के बीच बड़ा नुकसान हुआ है। कुलागाड़ नाले पर बना 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज पानी के बहाव में बह गया। इस पुल के टूटने से चीन सीमा से लगी व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।जानकारी के मुताबिक, यह बैली ब्रिज हाल ही में 27 अगस्त को बनाया गया था। इससे पहले 18 अगस्त को चट्टान गिरने के कारण पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद आवाजाही बनाए रखने के लिए नया बैली ब्रिज तैयार किया गया था। लेकिन भारी बारिश के कारण नाले में आए तेज बहाव ने इसे भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन की ओर से अब वैकल्पिक रास्तों और संपर्क बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में नदी में बहे 3 कॉलेज छात्र, तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में भी हादसा सामने आया है। यहां हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव पहुंचे थे।पिकनिक के दौरान नदी किनारे सेल्फी लेते समय एक छात्र का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र भी नदी में कूद गए, लेकिन तेज बहाव में तीनों बह गए।घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। तीनों छात्रों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

बिहार में बाढ़ का कहर, 15 जिलों में 47 लाख से ज्यादा प्रभावित

बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में 47 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। गंगा समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।नदी किनारे बसे गांवों में पानी घुस गया है और कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

उत्तर प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ से हालात चिंताजनक हैं। राज्य के 26 जिले बाढ़ प्रभावित हैं, जहां करीब 4 लाख लोगों पर इसका असर पड़ा है।प्रशासन ने अब तक 21 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। कानपुर और उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।गंगा किनारे बसे गांवों में स्थिति बेहद खराब है। कई जगहों पर घरों और खेतों में पानी भर गया है। कुछ इलाकों में पानी का स्तर करीब 10 फीट तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई राज्यों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से भूस्खलन और नदी-नालों के उफान का खतरा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में नदियों के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है।