नेपाल में ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखे स्वागत बैनर पर विवाद, वीडियो में जाने अंतरराष्ट्रीय झूलापुल से हटवाया; सशस्त्र बल ने जताई आपत्ति
भारत और नेपाल को जोड़ने वाले पिथौरागढ़ के अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर लगाए गए एक स्वागत बैनर को लेकर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया। बैतड़ी जिले के मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के लिए लगाए गए इस बैनर पर ‘नेपाल हिंदू राष्ट्र में स्वागत’ लिखा था। नेपाल सशस्त्र बल ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे देश के संविधान के खिलाफ बताया। इसके बाद बैनर से ‘हिंदू राष्ट्र’ शब्दों को पेंट से ढक दिया गया और फिर उसे अंतरराष्ट्रीय पुल से हटवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के बैतड़ी जिले की दशरथ चंद नगरपालिका स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में 17 और 18 नवंबर को वार्षिक मेले का आयोजन होना है। मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर समिति की ओर से अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर बैनर लगाया गया था। इसे मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश सिंह थापा ने लगवाया था।
बैनर पर ‘नेपाल हिंदू राष्ट्र में स्वागत’ लिखे होने की जानकारी मिलने पर झूलाघाट बीओपी के इंस्पेक्टर अनिल सुबेदी ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल के संविधान में देश को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र घोषित किया गया है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय पुल पर नेपाल को हिंदू राष्ट्र बताते हुए बैनर लगाना नियमों के विरुद्ध है।
पहले शब्द ढके, फिर पुल से हटाया बैनर
नेपाल सशस्त्र बल की आपत्ति के बाद बैनर पर लिखे ‘हिंदू राष्ट्र’ शब्दों को पहले पेंट से ढक दिया गया। इसके बाद बैनर को अंतरराष्ट्रीय झूलापुल से हटवा दिया गया। बाद में इसे नेपाल की सीमा के भीतर एक पीपल के पेड़ पर लगा दिया गया।इस घटनाक्रम के बाद बैनर को लेकर विवाद चर्चा में आ गया। दरअसल, यह पुल भारत के पिथौरागढ़ जिले और नेपाल के बैतड़ी क्षेत्र को जोड़ता है। दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही के लिहाज से यह महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय संपर्क मार्ग है।
तीन साल से लगा रहे थे ऐसा बैनर
मंदिर समिति के संरक्षक प्रकाश सिंह थापा ने बताया कि वह पिछले तीन साल से इसी तरह का स्वागत बैनर लगा रहे हैं। हालांकि, इस बार पहली बार नेपाल सशस्त्र बल की ओर से इस पर आपत्ति जताई गई है।मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में हर साल आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर आने वाले लोगों के स्वागत के लिए बैनर लगाया गया था। लेकिन उस पर लिखे ‘हिंदू राष्ट्र’ शब्दों को नेपाल के संविधान में दर्ज धर्मनिरपेक्षता के प्रावधानों के विपरीत मानते हुए सुरक्षा बल ने इसे हटवा दिया।