×

आरोपी उस्मान के घर चलेगा बुलडोजर, 12 साल की मासूम संग किया था दुष्कर्म

 

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में 12 साल की नाबालिग लड़की से बलात्कार के आरोपी उस्मान के खिलाफ राज्य सरकार एक्शन मोड में है। आरोपी उस्मान के खिलाफ न सिर्फ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, बल्कि प्रशासन अब उसके अवैध निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। नैनीताल नगर प्रशासन की ओर से आरोपी के आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्पष्ट संदेश है कि उत्तराखंड की अस्मिता और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को उनकी सही जगह पहुंचाने तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। राज्य में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और इस संदेश को लागू करने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बलात्कार के आरोपी उस्मान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी स्थानीय स्तर पर ठेकेदार के रूप में काम करता था। अब नगर निगम प्रशासन ने उनके घर पर नोटिस चिपका दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मकान वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध निर्माण को जल्द ही ध्वस्त कर दिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार बुलडोजर चलाने की सारी तैयारियां कर ली गई हैं। आने वाले दिनों में इसे शीघ्रता से क्रियान्वित किया जाएगा। यह कार्रवाई न केवल कानून के उल्लंघन के खिलाफ की जा रही है, बल्कि समाज को यह कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से भी की जा रही है कि उत्तराखंड में अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

आम जनता और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार के इस रुख पर संतोष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी ने जनता को आश्वस्त किया है कि दोषी कोई भी हो, चाहे उसकी पहचान, पृष्ठभूमि और पहुंच कुछ भी हो, कानून अपना काम करेगा और उत्तराखंड की पहचान को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।