×

केदारनाथ हेली सेवा की दूसरी चरण की बुकिंग शुरू, वीडियो में देंखे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

 

चारधाम यात्रा के तहत पवित्र केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की दूसरे चरण की बुकिंग बुधवार दोपहर 3:30 बजे से शुरू हो गई है। इस चरण में श्रद्धालु 16 जून से 25 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकेंगे। बुकिंग प्रक्रिया भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से शुरू की गई है। आईआरसीटीसी की ओर से तय समय पर ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल खोला गया, जिसके साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने टिकट बुक करने के लिए वेबसाइट पर लॉगिन करना शुरू कर दिया। केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर इस बार भी तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/VLG3zrpu1_c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/VLG3zrpu1_c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

इस चरण में हेली सेवा के तहत एक टिकट पर अधिकतम छह यात्रियों की बुकिंग की सुविधा दी गई है। अनुमान के अनुसार, इस व्यवस्था के माध्यम से कुल लगभग 31,450 श्रद्धालु केदारनाथ धाम तक हवाई मार्ग से पहुंच सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि सीमित समय और बढ़ती मांग के कारण इस बार भी टिकटों की बुकिंग तेजी से पूरी हो सकती है।चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम का विशेष धार्मिक महत्व है, जहां हर साल देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कठिन पैदल मार्ग को देखते हुए हेली सेवा यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प के रूप में उभरी है।

इस बार भी आईआरसीटीसी ने बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रखने का दावा किया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही टिकट बुक करें और किसी भी फर्जी वेबसाइट या एजेंट से सावधान रहें।प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। वहीं, बुकिंग शुरू होते ही पोर्टल पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट है कि केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह बना हुआ है।