काशी में पीएम मोदी का ऐतिहासिक रोड शो, वीडियो में देंखे 14 किलोमीटर के सफर में उमड़ा जनसैलाब; बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने काशी दौरे के दौरान अब तक का सबसे बड़ा रोड शो किया। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही शहर की सड़कों से गुजरा, लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान पांच प्रमुख स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों ने प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग जमकर नाचते-गाते नजर आए।
पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार से ही हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सड़क किनारे खड़े हजारों लोगों ने “मोदी-मोदी” के नारों के साथ उनका स्वागत किया।इस भव्य रोड शो ने काशी की सड़कों को एक विशाल जनसैलाबमें बदल दिया, जहां हर उम्र के लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधिवत अभिषेक किया। गर्भगृह में उन्होंने पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर में धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका स्वागत किया गया और उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लिया।पूजा के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण देखने को मिला और मंत्रोच्चार के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं और मंदिर व शहर दोनों को सजाया गया था। इस पूरे दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। कई लोगों ने इसे काशी के इतिहास के सबसे बड़े रोड शो में से एक बताया। प्रधानमंत्री के आगमन ने एक बार फिर काशी को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है।