×

आगरा में गणेश पंडाल के बाहर भिड़े युवक, पथराव: लड़की के साथ देखने पर थप्पड़ मारने का बदला लेने पहुंचे 25 साथी

 

आगरा के सदर थाना क्षेत्र की शहजादी मंडी में रविवार रात गणेश पंडाल के बाहर दो गुटों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। घटना के दौरान पंडाल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लड़की के साथ देखने पर हुआ था विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद की शुरुआत शनिवार रात जागरण कार्यक्रम के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि दो युवक एक परिचित लड़की से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनसे पूछताछ की। आरोप है कि प्रवेश और मनीष नाम के युवकों ने दोनों को थप्पड़ मार दिए।

इसके बाद मामला शांत हो गया, लेकिन रविवार रात कथित तौर पर इसी घटना का बदला लेने के लिए बड़ी संख्या में युवक गणेश पंडाल के पास पहुंच गए।

20-25 युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे

रविवार रात करीब 11 बजे शहजादी मंडी स्थित गणेश पंडाल में भजन-कीर्तन चल रहा था। इसी दौरान ताजगंज इलाके से करीब 20-25 युवकों के पहुंचने की बात सामने आई है। आरोप है कि उनके पास लाठी-डंडे थे।

पंडाल के पास मौजूद युवकों से कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव के कारण पंडाल में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग जान बचाकर आसपास के घरों में चले गए।

दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया

हंगामे के दौरान पंडाल कमेटी के सदस्यों और वहां मौजूद लोगों ने भाग रहे दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान लकी और देव के रूप में बताई गई है। लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के मुताबिक, गणेश कमेटी की ओर से थाने में शिकायत दी गई है। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

घटना के बाद पंडाल में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, घटना के दौरान गणेश प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की सूचना भी सामने आई थी, लेकिन पुलिस के अनुसार मूर्ति खंडित होने की बात अफवाह निकली।