☰
×

योगी का अखिलेश पर तंज- उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते; घुसपैठिए वाले बयान पर किया पलटवार

 

लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर घुसपैठिया कहे जाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव आज सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते। मुख्यमंत्री ने इस दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के ऐतिहासिक रिश्तों का भी जिक्र किया।

योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 को संबोधित किया। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि पिछले दिनों उन्होंने एक व्यक्ति का बयान सुना था, जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी उत्तराखंड से ही थे।

अखिलेश के बयान पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना संकुचित और विभाजनकारी सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के प्रति नरम रुख रखते हैं, जबकि देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ बयान देते हैं।

योगी ने कहा कि उत्तराखंड के वीरों, सैनिकों और देश की सुरक्षा में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने राज्य से जुड़े कई प्रमुख व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत, वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के योगदान को याद किया।

गंगा-यमुना का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा, यमुना, सरयू और रामगंगा जैसी नदियों का उद्गम उत्तराखंड से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक रिश्ता बेहद पुराना है। दोनों राज्यों की परंपराएं, धार्मिक स्थल और लोक संस्कृति एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की जरूरत भी बताई। उन्होंने मंडुवा, झंगोरा और अन्य स्थानीय अनाजों के पोषण संबंधी गुणों का उल्लेख करते हुए इनके वैज्ञानिक शोध और ब्रांडिंग पर जोर दिया।

क्या कहा था अखिलेश यादव ने?

दरअसल, अखिलेश यादव ने 24 अक्टूबर को मीडिया से बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश में घुसपैठियों की पहचान को लेकर सवाल उठाया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि यूपी में सबसे बड़े घुसपैठिए उत्तराखंड से हैं। उनके इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी और इसे उत्तराखंड के लोगों का अपमान बताया था।

इसी बयान को लेकर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महोत्सव में अखिलेश यादव पर निशाना साधा। हालांकि, योगी ने अपने संबोधन में सपा प्रमुख का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को अखिलेश यादव के बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

उत्तराखंड महोत्सव में संस्कृति और प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं, लोकगीतों और खानपान को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड महापरिषद के आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। इस अवसर पर पद्मश्री प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित भी किया गया।