आटे में कीड़े, एक्सपायर सॉस! कानपुर के नामी रेस्टोरेंट्स में गंदगी; इस मॉल के फूड कोर्ट की सभी दुकानें बंद
कानपुर में खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के कई नामी मॉल और रेस्टोरेंट्स में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर लापरवाही सामने आई। सबसे गंभीर स्थिति रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में मिली, जहां अत्यधिक गंदगी और खराब हाइजीन पाए जाने पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।
फूड कोर्ट में मिली भारी गंदगी
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने फूड कोर्ट में किचन और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगहों की जांच की। अधिकारियों को वहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य सामग्री के रखरखाव और हाइजीन को लेकर भी कई कमियां सामने आईं।अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। टीम ने पाया कि फूड कोर्ट में संचालित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा था।
सभी 10 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद करा दिया। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि जब तक साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक इन प्रतिष्ठानों को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।कार्रवाई के बाद संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग आगे दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच क सकता है।
अन्य मॉल और रेस्टोरेंट्स में भी जांच
खाद्य विभाग की टीम ने शहर के अन्य नामी मॉल और रेस्टोरेंट्स में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। अधिकारियों ने किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और परिसर की हाइजीन व्यवस्था को देखा।
इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और हाइजीन के निर्धारित मानकों का पालन कराने पर जोर देना है।