गोरखपुर में महिला डॉक्टर ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, नशीला पदार्थ देकर न्यूड वीडियो बनाने और करोड़ों की ठगी का केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक महिला डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने नशीला पदार्थ देकर उसे बेहोश किया, फिर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद उन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठे और बिना तलाक दिए दूसरी शादी भी कर ली। यह मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नशीला पदार्थ देकर बनाए आपत्तिजनक वीडियो
महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका पति पेशे से एनेस्थेसियोलॉजिस्ट (बेहोशी का डॉक्टर) है। वह कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला देता था। बेहोश होने के बाद उसके न्यूड फोटो और वीडियो बना लिए गए।महिला का आरोप है कि होश आने के बाद पति उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता था। वह कहता था कि यदि पैसों का इंतजाम नहीं किया गया तो वीडियो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म हो जाएगी।
फॉर्च्यूनर खरीदने के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, ब्लैकमेल कर उसके पति ने फॉर्च्यूनर कार खरीदने के लिए 32 लाख 50 हजार रुपये लिए। इसके अलावा उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से 10 लाख रुपये भी अपने कब्जे में ले लिए।महिला का कहना है कि उसने दबाव और धमकियों के कारण पति की आर्थिक मांगें पूरी कीं, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ प्रताड़ना जारी रही।
बिना तलाक दूसरी शादी का भी आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने पहली शादी समाप्त किए बिना दूसरी शादी कर ली। इतना ही नहीं, जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई।महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पति के कई अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। इन आरोपों की सत्यता की पुष्टि फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति, सास, ससुर और ननद खिला मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।जांच अधिकारी साक्ष्यों, दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।