×

योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के पीएम लॉरेंस वॉन्ग से की मुलाकात, निवेश और सहयोग पर चर्चा

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने आधिकारिक सिंगापुर दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में निवेश, व्यापार, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात को भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक के बाद सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी तस्वीर साझा की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का सिंगापुर में स्वागत करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश भारत की तीसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था है और देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए पारदर्शी नीतिगत ढांचा, त्वरित अनुमोदन प्रक्रिया और मजबूत कानून-व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने सिंगापुर के निवेशकों को राज्य में बुनियादी ढांचा, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, शहरी विकास और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच शहरी नियोजन, स्मार्ट सिटी मॉडल, हरित ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य सिंगापुर के तकनीकी अनुभव और प्रबंधन कौशल का लाभ उठाते हुए राज्य के विकास को नई गति देना है।

राजनीतिक और औद्योगिक हलकों में इस मुलाकात को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सिंगापुर जैसे वैश्विक वित्तीय और तकनीकी केंद्र के साथ सहयोग से उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को और बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुलाकात के ठोस परिणाम निवेश प्रस्तावों और साझेदारी समझौतों के रूप में सामने आ सकते हैं।