41 डिग्री तापमान में ताजमहल पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, वीडियो में देंखे पत्नी जेनेट बोलीं- “बेहद खूबसूरत”
उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध Taj Mahal में सोमवार को खास हलचल देखने को मिली, जब अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। भीषण गर्मी और 41 डिग्री तापमान के बावजूद दोनों ने करीब से ताजमहल की खूबसूरती को निहारा और इसकी ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी ली।
सुबह करीब सवा 10 बजे मार्को रूबियो और उनकी पत्नी ताजमहल परिसर पहुंचे। इस दौरान मार्को ब्लैक कोट-पैंट और काले चश्मे में नजर आए, जबकि जेनेट ग्रे रंग के गाउन में दिखाई दीं। तेज धूप और गर्म मौसम के बावजूद दोनों काफी उत्साहित दिखे और उन्होंने लंबे समय तक ताजमहल का भ्रमण किया।
ताजमहल की यात्रा के दौरान गाइड नितिन सिंह ने उन्हें इस ऐतिहासिक इमारत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। मार्को रूबियो ने ताजमहल के निर्माण, वास्तुकला और इतिहास को लेकर कई सवाल भी पूछे। उन्होंने मुगलकालीन स्थापत्य कला में विशेष रुचि दिखाई और ताजमहल की बारीक नक्काशी को करीब से देखा।
भ्रमण के दौरान सबसे खास पल तब देखने को मिला जब मार्को रूबियो और जेनेट रूबियो ने प्रसिद्ध डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान मार्को अपनी पत्नी की कमर पर हाथ रखे नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। बाद में भारत में अमेरिकी राजदूत Sergio Gor भी उनके साथ आकर बैठे और तीनों ने साथ में फोटो खिंचवाई।
ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित जेनेट रूबियो ने इसे “बेहद खूबसूरत” बताया। उन्होंने स्मारक की सफेद संगमरमर की नक्काशी और शांत वातावरण की जमकर तारीफ की। विदेशी मेहमानों के इस दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और आम पर्यटकों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए नियंत्रित रही।
मार्को रूबियो का यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक और कूटनीतिक बैठकों के बीच उनका ताजमहल भ्रमण भारतीय संस्कृति और विरासत के प्रति रुचि को दर्शाता है। आगरा में मौजूद पर्यटकों के बीच भी अमेरिकी विदेश मंत्री को देखने की उत्सुकता साफ नजर आई।
दुनियाभर में प्यार की निशानी माने जाने वाले ताजमहल ने एक बार फिर विदेशी मेहमानों को अपनी खूबसूरती से प्रभावित किया है। मार्को और जेनेट रूबियो की यह यात्रा आने वाले दिनों में चर्चा का विषय बनी रह सकती है।