UP Police Constable Exam 2026: आज से शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 29 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, जानें जरूरी नियम, बसों में 50% छूट और स्पेशल इंतजाम
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की बहुप्रतीक्षित सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है। प्रदेशभर में आयोजित हो रही इस परीक्षा में करीब 28.86 लाख अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। भर्ती अभियान के तहत 32,679 पदों पर चयन किया जाएगा। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
लाखों अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम
परीक्षा में बड़ी संख्या में शामिल हो रहे अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
रोडवेज बसों में 50% किराया छूट
परीक्षार्थियों को राहत देते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट देने का फैसला किया गया है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना एडमिट कार्ड या उसकी प्रति साथ रखनी होगी। बस कंडक्टर एडमिट कार्ड देखकर रियायती टिकट जारी करेंगे। यह सुविधा परीक्षा केंद्र जाने और वापस लौटने दोनों यात्राओं पर लागू होगी।
स्पेशल बसें और अतिरिक्त फेरे
सरकार ने परीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों के बीच विशेष बसों के संचालन और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे दूर-दराज के जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।
परीक्षा के जरूरी नियम
- परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना अनिवार्य है।
- एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा।
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
- परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन का प्रयोग करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
- अभ्यर्थियों को बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
केंद्रों पर मिलेगी ये सुविधाएं
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
सरकार ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। परीक्षा से जुड़ी किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
करीब 29 लाख अभ्यर्थियों की मौजूदगी के कारण यह देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।