×

राष्ट्रगान के बीच गाड़ी से निकलते दिखे यूपी विधानसभा स्पीकर सतीश महाना, वायरल वीडियो पर दी सफाई

 

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में उन्हें उन्नाव में गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद अपनी गाड़ी की ओर जाते हुए देखा जा रहा है। इसी दौरान राष्ट्रगान बजता हुआ सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर राष्ट्रगान का अपमान करने के आरोप लगाए। हालांकि, सतीश महाना ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पूरे घटनाक्रम को भ्रामक तरीके से पेश किए जाने की बात कही है।

सतीश महाना ने क्या दी सफाई

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्नाव में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था। उसी समय संयोगवश मुख्य ऑडिटोरियम के अंदर राष्ट्रगान शुरू हुआ, जबकि उस समय वह ऑडिटोरियम के अंदर मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक गार्ड ऑफ ऑनर और ऑडिटोरियम के अंदर चल रहा कार्यक्रम दो अलग-अलग आयोजन थे।

महाना ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो को इस तरह साझा किया जा रहा है, जैसे राष्ट्रगान के दौरान वह रुके नहीं। उन्होंने इसे गलत और भ्रामक विश्लेषण बताया। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच की जाए।

वायरल वीडियो में क्या दिखा

वायरल क्लिप में सतीश महाना को गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सलामी मंच से नीचे उतरते और अपनी कार की तरफ बढ़ते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान राष्ट्रगान की आवाज सुनाई देती है। वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठाया गया कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को राष्ट्रगान के दौरान वहीं रुकना चाहिए था।

इस मामले को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी नेताओं ने महाना पर निशाना साधा और राष्ट्रगान के सम्मान को लेकर सवाल खड़े किए। विवाद बढ़ने के बाद महाना ने अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट की।

दो अलग कार्यक्रम होने का दावा

महाना की सफाई का मुख्य आधार यही है कि जिस स्थान पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था और जहां राष्ट्रगान बज रहा था, वे दोनों अलग जगहों पर आयोजित कार्यक्रम थे। उनका कहना है कि राष्ट्रगान ऑडिटोरियम के भीतर शुरू हुआ था, जबकि वह उस समय ऑडिटोरियम के बाहर थे।

फिलहाल वायरल वीडियो और महाना की सफाई को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। एक तरफ वीडियो के आधार पर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ विधानसभा अध्यक्ष का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। अब इस विवाद के बीच लोगों की नजर आयोजकों और कार्यक्रम की पूरी रिकॉर्डिंग पर भी है, जिससे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।