हरियाणवी सिंगर हत्याकांड के दो शूटर एनकाउंटर में ढेर, 20 राउंड चली गोलियां; फुटेज में देंखे दो आरोपी अब भी फरार
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड के दो शूटरों सुमित और मोहित को मार गिराया। दोनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे और पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक से शामली से सोनीपत की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी होते ही बदमाशों ने की फायरिंग
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक पुलिस को दोनों आरोपियों के बाइक से सोनीपत की ओर जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि जैसे ही आरोपियों को पकड़े जाने का अंदेशा हुआ, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से सुमित और मोहित घायल होकर गिर पड़े। पुलिस टीम दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों पर घोषित था 50-50 हजार का इनाम
पुलिस के अनुसार सुमित और मोहित सोनीपत के रहने वाले थे। दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुमित के खिलाफ एक आपराधिक मुकदमा, जबकि मोहित के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
चार आरोपियों ने मिलकर की थी हत्या
जांच में सामने आया था कि अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने में सुमित और मोहित के अलावा उनके दो साथी भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक सत्यम और आर्यन नाम के दो आरोपी अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे तैयार की गई थी और वारदात के पीछे क्या वजह थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई और अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
हत्याकांड के बाद से तलाश में जुटी थी पुलिस
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान सोमवार सुबह दोनों शूटरों के बारे में जानकारी मिली।घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए जाने की भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार सत्यम और आर्यन की तलाश में जुटी है।दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद पुलिस के सामने अब हत्याकांड से जुड़े बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने की चुनौती है।