शाहजहांपुर में शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, फुटेज में देंखे शवों को चिता बनाकर जलाया; जमीन कब्जे का आरोप
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शिव मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या के बाद शवों को जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना खुदागंज क्षेत्र के सूथा गांव की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह मंदिर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे का शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल चुका था।ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों शव मंदिर परिसर में करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। दोनों साधु सूथा गांव स्थित शिव मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे।
सुबह मंदिर से उठता दिखाई दिया धुआं
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने मंदिर की ओर से धुआं उठता देखा। इसके बाद कुछ लोग मंदिर पहुंचे। वहां एक साधु का शव चिता पर जलता हुआ मिला, जबकि दूसरे साधु का शव पूरी तरह जल चुका था।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
जमीन कब्जे को लेकर विवाद का आरोप
ग्रामीणों ने इस मामले में बाबा बिहारी दास के भतीजे प्रदीप सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि प्रदीप सिंह साधुओं को मंदिर से हटाकर मंदिर की जमीन पर कब्जा करना चाहता था। दोनों साधु इसका विरोध कर रहे थे।हालांकि, जमीन कब्जे और हत्या से जुड़े इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस ने प्रदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों साधुओं की हत्या किस वजह से की गई और इसके बाद शवों को मंदिर परिसर में जलाने की घटना कैसे हुई।यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर खुदागंज क्षेत्र में हुई है। दो साधुओं की हत्या और मंदिर परिसर में शव जलाए जाने की घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।