वाराणसी में दर्दनाक घटना: BHU के जूनियर डॉक्टर ने किया सुसाइड, हॉस्टल में दवा की ओवरडोज से मौत
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सुश्रुत छात्रावास में 26 वर्षीय जूनियर डॉक्टर ऋत्विव कुंडू ने कथित रूप से सुसाइड कर लिया। इस घटना से मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है, जब ऋत्विव ने कथित तौर पर दवा की ओवरडोज ले ली। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने किसी के फोन का जवाब नहीं दिया। जब सीनियर छात्रों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें चिंता हुई।
इसके बाद सीनियर छात्र सीधे उनके हॉस्टल कमरे पर पहुंचे, जहां दरवाजा बंद मिला। अंदर झांकने पर स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत प्रशासन और अन्य छात्रों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने के बाद ऋत्विव को गंभीर हालत में पाया गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद हॉस्टल और मेडिकल परिसर में हड़कंप मच गया। साथी छात्रों में गहरा शोक है और पूरे माहौल में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कमरे से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।