×

कानपुर में 100 फीट की ऊंचाई से गिरा ट्रेनिंग विमान, वीडियो में देंखे पायलट और ट्रेनी की मौत; पेड़ों से टकराकर हुआ हादसा

 

कानपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास करीब 11 बजकर 50 मिनट पर एक ट्रेनिंग विमान अचानक हवा में डगमगाने के बाद नीचे जा गिरा। हादसे में विमान उड़ा रहे पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान करीब 100 फीट की ऊंचाई पर था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद विमान पेड़ों से टकराता हुआ जमीन पर आ गिरा और तेज धमाका हुआ।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। विमान को गिरता देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में दुर्घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब सवा 12 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

मलबे में तब्दील हुआ विमान

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/TUA0eF0fvP4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/TUA0eF0fvP4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान हवा में असंतुलित होने के बाद तेजी से नीचे आया। जमीन पर गिरने से पहले वह पेड़ों से टकराया, जिसके बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विमान का मलबा घटनास्थल पर बिखरा हुआ था।

हादसे से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दुर्घटना के बाद विमान की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। वीडियो में कॉकपिट के पास एक पायलट फंसा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति विमान से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा नजर आ रहा है। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर गिरी हुई दिखाई दी।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचने के बाद दोनों घायलों को विमान के मलबे से बाहर निकाला। पुलिस ने खून से लथपथ पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हादसे की वजह की जांच शुरू

विमान दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर विमान के हवा में डगमगाने और संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है, लेकिन यह तकनीकी खराबी थी, मौसम से जुड़ी समस्या थी या किसी अन्य वजह से विमान नियंत्रण से बाहर हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रशासन और संबंधित जांच एजेंसियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विमान के मलबे की भी जांच की जाएगी, ताकि हादसे से पहले विमान की स्थिति और दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।