मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर में चोरी: दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी ले गया चोर, CCTV में कैद हुई वारदात
उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। एक चोर मंदिर परिसर में घुसा और मुख्य गेट के पास रखे दानपात्र (गोलक) का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो ग है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
गोलक के पास काफी देर तक घूमता रहा चोर
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात एक युवक मंदिर में दाखिल हुआ। वह सीधे मंदिर के मुख्य गेट पर लगे दानपात्र के पास पहुंचा। वहां पहुंचने के बाद उसने कुछ देर तक इधर-उधर देखा और आसपास की स्थिति का जायजा लिया।इसके बाद चोर ने बेखौफ होकर गुटखा खाया और फिर अपने साथ लाए सरिए से दानपात्र का ताला तोड़ दिया।
सरिए से तोड़ा ताला, बैग में भरी नकदी
ताला टूटने के बाद आरोपी ने दानपात्र में रखी नकदी निकाली और उसे अपने बैग में भर लिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।घटना के बाद मंदिर प्रबंधन को चोरी की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
पुलिस अब सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ने के लिए टीमों को लगाया गया है।
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल में हुई चोरी की घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन ने घटना पर चिंता जताई है।द्वारिकाधीश मंदिर मथुरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में चोरी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।