धर्मांतरण गिरोह का सरगना अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्रपाल जादौन गिरफ्तार, पुलिस ने दिल्ली से दबोचा, गांव में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। धर्मांतरण गिरोह के सरगना अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्रपाल जादौन उर्फ पप्पू को सोमवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे लेकर पुलिस टीम उसके पैतृक गांव रामगढ़ (थाना रजावली क्षेत्र) पहुंची, जहां उसकी गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि अब्दुल रहमान मूलतः करीब 35 साल पहले अपने परिवार के साथ गांव रामगढ़ में ही रहता था। बाद में वह मुंबई चला गया, जहां उसने और उसके भाई ने मुस्लिम लड़कियों से शादी कर ली थी। इसके बाद उसने धर्मांतरण से जुड़े संगठनों के साथ संपर्क साधा और कथित रूप से एक संगठित गिरोह का संचालन शुरू किया, जो लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रेरित करता था।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहमान लंबे समय से धर्मांतरण गतिविधियों में सक्रिय था और दिल्ली, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में उसकी गतिविधियों की पुष्टि हुई है। अब्दुल रहमान पर आरोप है कि वह भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर या आर्थिक मदद का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराता था।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे गांव लेकर पहुंची तो ग्रामीणों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोग उसके बारे में हैरान थे कि वह इस स्तर पर अपराध में संलिप्त हो सकता है, वहीं कुछ पुराने ग्रामीणों ने उसे पहचानने से भी इनकार कर दिया। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर उसके पुराने संबंधों, गतिविधियों और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए ग्रामीणों से पूछताछ की।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, “अब्दुल रहमान के नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच की जा रही है। उसका दिल्ली से गिरफ्तार होना इस बात का संकेत है कि उसके तार राजधानी सहित अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस उसके मोबाइल और दस्तावेजों की जांच कर रही है।”
धर्मांतरण मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस पहले से ही सतर्क है। हाल के महीनों में कई जिलों से धर्मांतरण गिरोहों के सक्रिय होने की खबरें आई हैं। अब्दुल रहमान की गिरफ्तारी को इसी कड़ी में एक अहम कामयाबी माना जा रहा है।