×

हवा में खराब हुआ फ्लाइट का इंजन, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग; सभी यात्री सुरक्षित

 

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलायंस एयर की एक फ्लाइट के इंजन में हवा में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।

प्रयागराज से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट

जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर की फ्लाइट संख्या 9I-698 ने शनिवा दोपहर करीब 12:30 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जब विमान मेरठ के आसपास पहुंचा, तभी पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या का पता चला।पायलट ने तुरंत स्थिति की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी और दि एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

IGI एयरपोर्ट पर घोषित हुआ इमरजेंसी अलर्ट

फ्लाइट में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए। एयरपोर्ट प्रशासन ने टर्मिनल-1 के रनवे-4 पर आपातकाल घोषित कर दिया।विमान की सुरक्षित लैंडिंग तक करीब 30 मिनट तक रनवे को पूरी तरह खाली रखा गया। फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया।

दोपहर 2:15 बजे हुई सुरक्षित लैंडिंग

पायलट ने विमान को दूसरे इंजन की मदद से नियंत्रित करते हुए करीब दोपहर 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।इस फ्लाइट में कुल 40 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू सदस्य शामिल थे।

DGCA ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।विशेषज्ञों की टीम विमान के इंजन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी, जिसके बाद ही खराबी की सही वजह सामने आ सकेगी।

पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, इंजन में खराबी जैसी स्थिति के दौरान पायलट की त्वरित प्रतिक्रिया और सही निर्णय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस मामले में पायलट ने समय रहते ATC को सूचना दी और सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित उतार लिया।