राम मंदिर दर्शन पर बयान, वीडियो में देंखे चढ़ावा विवाद को लेकर BJP पर तीखा हमला
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान राम मंदिर दर्शन और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर कब जाएंगे, इस सवाल का जवाब भी दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा, तब वे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।
इसी दौरान अखिलेश यादव ने राम मंदिर में कथित चढ़ावे को लेकर उठे विवाद का जिक्र करते हुए सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रामनगरी अयोध्या ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में जनता के बीच आक्रोश का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डोनेशन से जुड़े मामलों के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र तक जुड़े हो सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि जिन लोगों ने कभी “नेशन फर्स्ट” की बात की थी, आज उनके लिए “डोनेशन फर्स्ट” की सोच हावी हो गई है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने इस पूरे मामले को उजागर किया, जिसके बाद सच्चाई सामने आई है। उन्होंने यह भी कहा कि आस्था और श्रद्धा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज की राजनीति में न तो धर्म का सम्मान बचा है और न ही नैतिकता का। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में फिर से बयानबाजी तेज होने की संभावना है।