तेरहवीं के अगले दिन घर लौटा 'मृत' घोषित बेटा, वीडियो में देंखे दरवाजा खुलते ही मां ने लगाया गले
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद भावुक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कौशांबी थाना क्षेत्र में एक युवक, जिसकी गुमशुदगी के बाद परिवार ने उसकी तेरहवीं तक कर दी थी, वह गुरुवार सुबह अचानक घर लौट आया। सुबह करीब 5 बजे जब उसने घर का दरवाजा खटखटाया तो सामने बेटे को देखकर मां की आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने बेटे को गले लगा लिया और फूट-फूटकर रोने लगीं।
मां बोलीं- 'बेटा, हम तो तुम्हारी तेरहवीं भी कर चुके हैं'
परिजनों के मुताबिक, बेटे को सामने देखकर पहले तो किसी को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। मां बार-बार यही कहती रहीं, "बेटा, तुम कहां थे? हम लोगों ने तो तुम्हारी तेरहवीं भी कर दी।" पूरे परिवार में खुशी और भावुकता का माहौल बन गया।
एक महीने तक लापता रहने का जवाब नहीं दे पाया युवक
घरवालों ने युवक से करीब एक महीने तक गायब रहने की वजह पूछी, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह इस दौरान कहां रहा और क्या हुआ, इसके बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सका।
16 मई को शांति भंग के आरोप में भेजा गया था जेल
पुलिस के अनुसार, 16 मई को युवक का स्थानीय दुकानदारों से विवाद हो गया था। इसके बाद उसे शांति भंग करने के आरोप में जेल भेजा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिवार उसकी तलाश करता रहा। बाद में परिस्थितियों के चलते परिजनों ने उसे मृत मानकर अंतिम संस्कार से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान और तेरहवीं तक कर दी।
पुलिस कर रही है पूरे घटनाक्रम की जांच
युवक के अचानक लौट आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जेल से बाहर आने के बाद वह कहां रहा और इतने दिनों तक परिवार से उसका संपर्क क्यों नहीं हो सका। फिलहाल युवक के सकुशल घर लौटने से परिवार ने राहत की सांस ली है।