सिंगरौली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत, कमरे में मिला शव
वाराणसी की रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मध्य प्रदेश के सिंगरौली में मौत हो गई। 30 वर्षीय निधि का शव रविवार सुबह भूसा मोड़ स्थित उनके घर के कमरे में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। वह सिंगरौली में आयोजित ‘मिस प्रिटी इंडिया’ प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकी थीं। उनकी पहचान एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल के रूप में थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि घटना से पहले निधि ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी। पुलिस इस पोस्ट और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
निधि की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार, दोस्तों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स में शोक की लहर है। लोग सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।