×

वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान चली गोली, फुटेज में देंखे महिला समेत दो कर्मचारी घायल

 

वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में महिला समेत एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना सुबह करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी हथियार था, जिसे उन्होंने विमान में ले जाने के लिए पहले ही डिक्लेयर किया था।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर हथियार की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही थी। इसी दौरान पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से वहां मौजूद एक महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पिस्टल के साथ मिले 21 कारतूस

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wUIM5ATcJn8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wUIM5ATcJn8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। जांच के दौरान कमलेश राय के पास से एक पिस्टल और 21 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद कमलेश राय से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद फूलपुर पुलिस उन्हें थाने ले गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार से फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान सुरक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं।

हादसे के बाद एयरपोर्ट पर हथियारों की जांच और उन्हें विमान में ले जाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, यात्री की ओर से हथियार को पहले ही घोषित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शिवसेना नेता हैं कमलेश राय

कमलेश राय आजमगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह शिवसेना से जुड़े नेता हैं और मुंबई में पूर्व पार्षद भी रह चुके हैं। उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और धनंजय सिंह के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं।

फिलहाल पुलिस कमलेश राय से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। एयरपोर्ट पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घोषित हथियार की जांच के दौरान गोली कैसे चली और क्या तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया था।

घटना में घायल दोनों कर्मचारियों की हालत और गोली लगने से हुई चोटों को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।