गोरखपुर में सनसनीखेज वारदात, वीडियो में जाने शादी न होने से नाराज बेटे ने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या की
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक युवक ने शादी नहीं होने से नाराज होकर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
रात 2 बजे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार देर रात करीब 2 बजे की है। आरोपी युवक ने अपने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ 12 वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और माहौल खौफनाक हो गया।
छत पर चढ़कर किया जुर्म कबूल
हत्या के बाद आरोपी युवक घर की छत पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने खुद स्वीकार किया कि उसने अपने पिता की हत्या की है क्योंकि वह उसकी शादी नहीं करवा रहे थे। युवक के शब्दों ने पड़ोसियों को हिला कर रख दिया।उसने कहा, “मैंने अपने पिता को मार डाला है, वह मेरी शादी नहीं करा रहे थे। मैं रोज-रोज कहकर थक गया था।”
पड़ोसियों ने देखा खौफनाक मंजर
चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। जब वे युवक के घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर दहशत में आ गए। पिता का शव खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की मानसिक स्थिति और कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
इलाके में सनसनी
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि शादी जैसे मुद्दे को लेकर कोई बेटा इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है।