आगरा में हैरान करने वाला मामला, फुटेज में देंखे मौत के 17 घंटे बाद महिला ने खोली आंखें, दामाद का हाथ पकड़कर बोलीं- 'मैं जिंदा हूं'
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 65 वर्षीय महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था, लेकिन करीब 17 घंटे बाद वह अचानक जिंदा हो गईं। महिला ने अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे अपने दामाद का हाथ पकड़ लिया और कहा, "मैं जिंदा हूं, कहां ले जा रहे हो।" यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।यह पूरा मामला आगरा जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय शीला देवी लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
परिवार के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने शीला देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से उनका शव लेकर आगरा स्थित घर पहुंचे। देर शाम तक रिश्तेदारों और परिचितों को महिला के निधन की सूचना मिल चुकी थी। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचने लगे थे।
इसी दौरान महिला के दामाद अंतिम प्रणाम करने के लिए पहुंचे। उन्होंने जैसे ही अपनी सास के पैर छुए, तभी महिला के शरीर में अचानक हलचल होने लगी। कुछ ही देर बाद उन्होंने आंखें खोलीं और दामाद का हाथ पकड़ लिया। महिला की आवाज सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।महिला ने कहा, "मैं जिंदा हूं, मुझे कहां ले जा रहे हो।" यह सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार वालों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर थी और बीमारी के चलते उन्हें मृत समझ लिया गया था। हालांकि, उनके जिंदा होने की घटना से पूरा परिवार हैरान है। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।वहीं, चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार कई बार गंभीर स्थिति में मरीज की सांस और दिल की धड़कन बेहद धीमी हो सकती है, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। हालांकि, इस मामले में महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद करीब 17 घंटे बाद जीवित पाए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल शीला देवी अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। परिवार वाले इसे भगवान का चमत्कार मान रहे हैं और महिला के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा विशेषज्ञों की राय भी सामने आने का इंतजार है।