BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में घुसी स्कॉर्पियो, दो फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर; अनंत सिंह की बेटी के कार्यक्रम से लौट रहे थे
उत्तर प्रदेश के चंदौली में सोमवार रात भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले के साथ बड़ा हादसा हो गया। बिहार के मोकामा में विधायक अनंत सिंह की बेटी के शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे सुशील सिंह के काफिले में तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो घुस गई। स्कॉर्पियो ने एक के बाद एक दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि काफिले की एक गाड़ी सड़क पर पलट गई।
हादसा नेशनल हाईवे-19 पर चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया और जगदीशसराय के पास हुआ। उस समय सुशील सिंह का काफिला वाराणसी की तरफ जा रहा था। काफिले में 15 से ज्यादा गाड़ियां शामिल थीं। घटना के दौरान विधायक की गाड़ी भी अनियंत्रित होकर पलट गई, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई।
स्कॉर्पियो ने लगातार गाड़ियों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सफेद स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आई और पहले काफिले में चल रही एक फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की और आगे जाकर दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी। इस घटना में काफिले की तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफिले में शामिल लोगों ने स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की। स्कॉर्पियो में सवार लोग भी घायल हुए। घटना में कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विधायक ने जताई साजिश की आशंका
विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि स्कॉर्पियो ने जिस तरह काफिले की कई गाड़ियों को टक्कर मारी, उससे मामला संदिग्ध लग रहा है। उनके मुताबिक, स्कॉर्पियो पहले उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके आगे निकली और फिर काफिले की दूसरी गाड़ियों को टक्कर मारती चली गई।
विधायक ने घटना को अपने ऊपर जानलेवा हमले की साजिश होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी है और शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाई। स्कॉर्पियो में सवार लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और विधायक की ओर से जताई गई साजिश की आशंका, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर काफिले को निशाना बनाया था या यह तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा था। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।