रेप आरोपी के ‘हाफ एनकाउंटर’ पर बवाल, फुटेज में देंखे पुलिस चौकी घिरी, पथराव और लाठीचार्ज
उत्तर प्रदेश के Shahjahanpur में गुरुवार दोपहर एक गंभीर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब रेप के आरोपी के कथित “हाफ एनकाउंटर” को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला खुटार थाना क्षेत्र के चांदपुर पुलिस चौकी से जुड़ा बताया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने आरोपी का फर्जी एनकाउंटर किया है और उसे बेगुनाह बताया जा रहा है। इसी विरोध में बड़ी संख्या में लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, पुलिस चौकी के बाहर इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन करने लगे।
स्थिति उस समय बिगड़ गई जब भीड़ ने पुलिस से तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ महिलाएं भी डंडे लेकर पुलिस की ओर बढ़ीं, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस कार्रवाई और भीड़ के बीच तनावपूर्ण स्थिति दिखाई दे रही है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रण में लेने के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और तनाव को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बना हुए है।