यूपी चुनाव से पहले RSS-BJP का महामंथन, लखनऊ में अरुण कुमार और बीएल संतोष करेंगे समन्वय पर चर्चा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच RSS और BJP के बीच समन्वय बैठक बुधवार को लखनऊ में होगी। अरुण कुमार, बीएल संतोष समेत कई पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के बीच संगठनात्मक समन्वय को लेकर बुधवार को लखनऊ में अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष समेत दोनों संगठनों के कई पदाधिकारी शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की जाएगी। संघ और भाजपा की ओर से प्रांतवार रोडमैप तैयार करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया जाएगा। लखनऊ के बंथरा स्थित एक रिजॉर्ट में होने वाली बैठक में अवध और कानपुर प्रांत से जुड़े संघ, भाजपा और विचार परिवार के सदस्य संगठनों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल प्रस्तावित हैं। ऐसे में भाजपा और संघ दोनों स्तरों पर संगठन को सक्रिय करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले भी भाजपा ने लखनऊ में अपनी कोर कमेटी की बैठक कर चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की थी। उस बैठक में बीएल संतोष समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
RSS और BJP की बुधवार की बैठक को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने और दोनों संगठनों के बीच तालमेल से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि बैठक में किन-किन मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, इसकी पूरी जानकारी बैठक के बाद ही सामने आएगी।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह 20 सितंबर को सहारनपुर में पार्टी के बूथ स्तर के पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में यह कार्यक्रम अहम माना जा रहा है।
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी 17 और 18 सितंबर को गोरखपुर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वहां वह संगठन की जमीनी तैयारियों और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े फीडबैक पर चर्चा करेंगे।
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के बीच लगातार हो रही इन बैठकों से साफ है कि भाजपा संगठन अपने चुनावी नेटवर्क को सक्रिय करने पर जोर दे रहा है। हालांकि आगामी चुनाव में किस तरह की रणनीति अपनाई जाएगी और किन मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी, इसका विस्तृत खाका आने वाले दिनों में सामने आने की संभावना है।