×

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: मुख्य आरोपी टिन्नू और भतीजा मनीष 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर, वीडियो में देंखे रकम और साजिश का होगा खुलासा

 

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के चर्चित मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। मामले के मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू' और उसके भतीजे मनीष यादव को शनिवार सुबह पुलिस जिला जेल से रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए रवाना हुई। दोनों आरोपियों से चोरी की पूरी साजिश, चोरी की गई रकम और उसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।

शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस टीम जिला जेल पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। करीब 20 मिनट बाद पुलिस उन्हें लेकर पुलिस लाइन पहुंची। जेल से बाहर निकलते समय टिन्नू और मनीष गमछे से अपना चेहरा छिपाते नजर आए।

39 घंटे की रिमांड में पूछताछ करेगी पुलिस

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/r9EDABaVk04?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/r9EDABaVk04/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पुलिस ने शुक्रवार को फैजाबाद कोर्ट में दोनों आरोपियों की 7 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 39 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर की। इस दौरान जांच अधिकारी दोनों से चोरी की पूरी वारदात को लेकर विस्तार से पूछताछ करेंगे।पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि मंदिर के नपात्रों से चोरी कब और किस तरीके से की गई, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी और चोरी की गई रकम कहां छिपाई गई या किस तरह खर्च की गई।

मंदिर से जुड़े थे दोनों आरोपी

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू मंदिर की व्यवस्था से लंबे समय से जुड़ा हुआ था। वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों की देखरेख का जिम्मा संभालता था। वहीं उसका भतीजा मनीष यादव चढ़ावे की गिनती करने वाली टीम में शामिल था।पुलिस का मानना है कि दोनों को मंदिर की व्यवस्था और दानपात्रों की प्रक्रिया की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर कथित तौर पर चोरी को अंजाम दिया गया।

आरोपियों के घर से नकदी बरामद

इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपियों के घरों से नकदी बरामद कर चुकी है। जांच के दौरान टिन्नू के घर से 1 लाख रुपये, जबकि मनीष यादव के घर से 2 लाख रुपये बरामद किए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई कुल रकम कितनी थी और उसका कितना हिस्सा अभी तक बरामद होना बाकी है।

पहले भी छह आरोपी जा चुके हैं रिमांड पर

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस इससे पहले अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश सहित छह अन्य आरोपियों को भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। इनसे मिली जानकारी के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

जांच पर पूरे प्रदेश की नजर

राम मंदिर देश की आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के बाद यह प्रकरण बेहद संवेदनशील बन गया है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से इस पूरे मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।