×

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी टिन्नू और भतीजे मनीष को 39 घंटे की रिमांड, वीडियो में जाने ट्रस्ट ने शुरू कराया 10 दिवसीय प्रायश्चित अनुष्ठान

 

राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज हो गई है। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू' और उसके भतीजे मनीष यादव को फैजाबाद कोर्ट ने 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार दोपहर सुनवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की 7 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 39 घंटे की रिमांड मंजूर की। पुलिस अब रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी और चोरी में इस्तेमाल किए गए तरीकों, बरामदगी तथा मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच करेगी।

ट्रस्ट से जुड़े अहम पदों पर थे आरोपी

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/THAQzc3wbzc?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/THAQzc3wbzc/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पुलिस जांच के अनुसार, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता था। वह मंदिर में रखे दानपात्रों की देखरेख की जिम्मेदारी संभालता था। वहीं उसका भतीजा मनीष यादव श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना करने का काम करता था।दोनों की जिम्मेदारियों को देखते हुए पुलिस को उन पर शुरू से ही संदेह था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

घरों से बरामद हुई लाखों की नकदी

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टिन्नू के घर से 1 लाख रुपये, जबकि मनीष यादव के घर से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद राशि और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की कुल रकम कितनी थी और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे।

चोरी के बाद ट्रस्ट ने शुरू किया प्रायश्चित अनुष्ठान

इस घटना के सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार 10 दिवसीय प्रायश्चित अनुष्ठान शुरू कराया है। शुक्रवार सुबह 11 बजे से राम मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम से क्षमा-याचना के लिए विशेष पूजा-पाठ प्रारंभ किया गया।अनुष्ठान में ट्रस्ट की ओर से 18 पुजारी और 5 आचार्य शामिल हैं। वे वैदिक त्रोच्चार, रुद्राभिषेक और हवन के माध्यम से विशेष पूजा कर रहे हैं।

दिन में दो बार होगा विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ

सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट का मानना है कि चढ़ावा चोरी की घटना व्यवस्था में हुई चूक का परिणाम है, जिससे देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी कारण वैदिक परंपराओं के अनुसार प्रायश्चित अनुष्ठान कराया जा रहा है।यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान 10 दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन दो बार विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ, हवन और अन्य वैदिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

जांच जारी, कई पहलुओं की पड़ताल

पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर चोरी की पूरी साजिश, रकम के इस्तेमाल और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले से जुड़े बैंक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।राम मंदिर जैसे देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में चढ़ावा चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं में चिंता पैदा कर दी है। ऐसे में पुलिस जहां मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है, वहीं ट्रस्ट धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रायश्चित अनुष्ठान के जरिए श्रद्धालुओं की आस्था को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।