पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को राजा भैया ने रामकथा में दिया खास सम्मान, वीडियो में जाने 10 बसों से कुंडा पहुंचे 10 नवंबर?
प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 19 नवंबर तक आयोजित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय रामकथा में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। भव्य पंडाल में चारों तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ और दूधिया रोशनी के बीच एक खास समूह ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। पंडाल में वीआईपी घेरे की सबसे आगे वाली कतारों में पारंपरिक राजस्थानी और सिंधी पहनावे में महिलाएं लंबा घूंघट ओढ़े बैठी थीं। वहीं पुरुष माथे पर चंदन का तिलक लगाए हाथ जोड़कर कथा सुन रहे थे। ये लोग पाकिस्तान के सिंध प्रांत से भारत आए हिंदू शरणार्थी थे।
कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के विशेष आमंत्रण पर ये शरणार्थी राजस्थान के जोधपुर से 10 बसों में सवार होकर कुंडा पहुंचे थे। रामकथा के दौरान उन्हें पंडाल में सबसे आगे बैठने की जगह दी गई। इसके साथ ही बेंती राजभवन के पीछे आम के बाग में बनाए गए तीन बड़े शिविरों में उनके ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। आयोजन में इन शरणार्थियों को खास मेहमानों की तरह सम्मान दिया गया।
पाकिस्तान में छिपकर करनी पड़ती थी पूजा
पाकिस्तान से आए इन हिंदू शरणार्थियों का कहना है कि वे वहां भी पूजा-पाठ करते थे, लेकिन कई बार उन्हें छिपकर धार्मिक गतिविधियां करनी पड़ती थीं। कुंडा में मिले सम्मान और सुविधाओं से वे भावुक नजर आए। उनका कहना था कि पहली बार उन्हें इतने बड़े आयोजन में इस तरह सम्मान के साथ शामिल होने का अवसर मिला है।
इन लोगों के लिए रामकथा में शामिल होना केवल धार्मिक कार्यक्रम का हिस्सा बनना नहीं था, बल्कि अपनी आस्था और पहचान को खुलकर जीने का अनुभव भी था। पारंपरिक सिंधी वेशभूषा, माथे पर तिलक और हाथ जोड़कर कथा सुनते श्रद्धालुओं की मौजूदगी आयोजन का विशेष आकर्षण बनी रही।
2024 में जोधपुर में हुई थी राजा भैया से मुलाकात
बताया जाता है कि राजा भैया वर्ष 2024 में राजस्थान के दौरे पर गए थे। इस दौरान जोधपुर में उनकी मुलाकात पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आकर भारत में रह रहे हिंदू शरणार्थियों से हुई थी। ये लोग अलग-अलग वर्षों में पाकिस्तान छोड़कर भारत आए थे। मुलाकात के दौरान शरणार्थियों ने राजा भैया को अपनी परेशानियां बताई थीं।
उन्होंने बताया था कि पाकिस्तान में अपना घर-बार छोड़कर भारत आए हैं और यहां किसी तरह जीवन गुजार रहे हैं। अपने पीछे घर, जमीन और पुरानी जिंदगी छोड़ने के बाद नए देश में बसना उनके लिए आसान नहीं रहा। शरणार्थियों की समस्याएं सुनने के बाद राजा भैया ने उनकी मदद की पहल की। उसी मुलाकात के बाद शुरू हुआ संपर्क और सहयोग का सिलसिला आगे भी जारी रहा।
मजनू का टीला के शरणार्थियों से भी मिले थे राजा भैया
दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में भी पाकिस्तान से आए कई हिंदू शरणार्थी रहते हैं। राजा भैया इन लोगों से भी मुलाकात कर चुके हैं। पाकिस्तान से आए इन परिवारों की समस्याओं और उनकी जरूरतों को समझने के लिए उन्होंने उनसे बातचीत की थी।
कुंडा की रामकथा में जोधपुर से पहुंचे शरणार्थियों को विशेष स्थान और सम्मान दिया जाना इसी संपर्क और सहयोग की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के बीच पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।