राहुल गांधी ने दिशा की बैठक में दिखाई टूटी सड़कें, वीडियो में जाने मंत्री मनोज पांडेय से पूछा- सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले की खराब सड़कों को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठाए। बैठक के दौरान राहुल गांधी ने अपने मोबाइल फोन पर टूटी सड़कों और गड्ढों की तस्वीरें दिखाकर कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, PWD अधिकारियों और जिलाधिकारी से जवाब मांगा। राहुल गांधी ने अधिकारियों से पूछा कि जब सरकार की ओर से सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए फंड जारी किया जा रहा है, तो फिर ग्रामीण इलाकों की सड़कें इतनी खराब स्थिति में क्यों हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लिंक रोड की हालत बेहद खराब है और इस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
मोबाइल पर दिखाई जर्जर सड़कों की तस्वीरें
दिशा की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने अपने मोबाइल में मौजूद सड़क खराब होने की तस्वीरें अधिकारियों को दिखाईं। उन्होंने PWD विभाग के कामकाज पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इतनी खराब सड़कों के लिए जिम्मेदार कौन है।राहुल गांधी ने कहा कि आम लोगों को रोजाना इन टूटी सड़कों से गुजरना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर भी दिखाई दें।इस दौरान ऊंचाहार से BJP विधायक और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय, MLC एवं राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने राहुल गांधी की बातों को ध्यान से सुना।
ढाई घंटे चली दिशा की बैठक
रायबरेली कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा की बैठक करीब ढाई घंटे तक चली। बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक खत्म होने के बाद राहुल गांधी लखनऊ के लिए रवाना हो गए। यहां से वह दिल्ली लौटेंगे।बैठक के दौरान सड़क, बिजली, पानी और अन्य विकास योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने को कहा।
जनता दरबार में लोगों से मिले राहुल
दिशा की बैठक से पहले राहुल गांधी ने बुधवार सुबह रायबरेली में जनता दरबार लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और अपनी समस्याएं बताईं।जनता दरबार के दौरान कांग्रेस की एक महिला नेता ने राहुल गांधी को राखी बांधी और उनका तिलक किया। इस मौके पर कई स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।इसके अलावा समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। दोनों दलों के नेताओं की इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।
रायबरेली दौरे पर विकास कार्यों की समीक्षा
राहुल गांधी का रायबरेली दौरा मुख्य रूप से स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा पर केंद्रित रहा। उन्होंने अधिकारियों से जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील की।सांसद बनने के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार की बैठक में सड़क निर्माण और खराब व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा।